छात्रा से छेड़खानी करनेवाले एक माह बाद गिरफ्तार

जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास कोचिंग से लौट रही छात्रा के साथ मनबढ़ों ने सरेराह छेड़खानी की। जिस रास्ते पर छात्रा के साथ छेड़खानी होती रही, उसी रास्ते से तमाम लोग भी गुजर रहे थे लेकिन कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। घटना के एक माह बाद छेड़खानी का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने छात्रा से तहरीर लेकर छेड़खानी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया।

मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा 18 जून को जगदीशपुर बाजार से कोचिंग क्लास कर के साइकल से घर लौट रही थी। वह मुख्य मार्ग से जगदीशपुर गांव में जाने वाली सड़क पर पहुंची थी तभी तीन चार की संख्या में मनबढ़ युवक उसके साथ छेडख़ानी करने लगे। मनबढ़ युवकों ने उसकी साइकल रोक ली और उसका हाथ पकड़कर खींचने लगे। छात्रा साइकल छोड़कर पैदल घर की ओर जाने लगी तो आगे जाकर फिर उसे रोक लिया गया। ऐसा काफी देर तक होता रहा। जिस रास्ते पर मनबढ़ लड़की के साथ यह सब कर रहे थे, उस पर दो पहिया, चार पहिया, साइकल सवार के अलावा पैदल भी लोग आते जाते वीडियो में दिख रहे हैं लेकिन छात्रा की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। छेड़खानी करने वाले मनबढ़ों में से ही कोई मोबाइल से वीडियो बना लिया। उधर, लोकलाज के भय से छात्रा ने घटना की जानकारी किसी को नही दी। घटाना के करीब एक माह बाद छात्रा से छेड़खानी का वीडियो बनाने वाले ने इस वीडियो को किसी व्हाट्सएप ग्रुप में डाल दिया और देखते ही देखते वीडियो इतना वायरल हुआ कि लड़की के घरवालों तक और पुलिस के पास भी पहुंच गया। वीडियो देखकर छात्रा और छेड़खानी के आरोपियों की पहचान हो गई। पुलिस पहले छेड़खानी के तीन आरोपियों को थाने ले गई। कड़ाई से पूछताछ की तो बताया कि 18 जून को उन्होंने छात्रा के साथ छेड़खानी की थी और उसके साथी ने ही वीडियो बना लिया था। पुलिस ने छात्रा से तहरीर लेकर जगदीशपुर गांव के राहुल और सुनील कुमार बिंद समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।


रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट