विवाहिता की हत्या कर शव को खेत मे गाड़ ससुरालवाले फरार

भदोही । सुरियावां थानाक्षेत्र के दशरथपुर-पलवारपुर गांव में गुरुवार की सुबह खेत में दफन किया गया शव गांव की ही एक विवाहिता का था। मायके वालों ने शुक्रवार को उसकी शिनाख्त करते हुए ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। मृतका के ससुराल वाले फरार हैं। पुलिस और जांच टीम गांव में पूछताछ की। मायके वालों की तहरीर पर पति, ससुर, ननद समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

दुर्गागंज थानाक्षेत्र के भौथर गांव निवासी सानिया सिंह (35) की शादी 2008 में पलवारपुर गांव निवासी बोधन सिंह के बेटे रवि सिंह के साथ हुई थी। सानिया को एक तीन साल की बेटी और डेढ़ साल का बेटा है। मायके वालों के अनुसार शादी के बाद से ही लेन-देन को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि 18 जुलाई की रात सानिया की हत्या कर शव को वीरेंद्र सिंह के खेत में दफन कर दिया गया था। बृहस्पतिवार को सुबह शव निकालने के बाद शिनाख्त नहीं हो पाई। शुक्रवार को सानिया के घर वालों ने मौके पर पहुंचकर शिनाख्त की। सानिया के दोनों बच्चे और मायके वाले घर पर नहीं मिले। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने पति रवि सिंह के अलावा ससुर, सास, ननद के साथ कुछ सहयोगियों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सानिया की हत्या किसलिए की गई, यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट