नीट परीक्षा को लेकर एसडीएम एवं डीएसपी ने किया निरीक्षण


रोहतास।21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी)- 2026 की तैयारियों का शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम डॉ नेहा कुमारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सासाराम-1 विप्लव कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा संबंधी सभी तैयारियों का गहन जायजा लिया तथा केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बैठने की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो तथा अभ्यर्थियों को अनुकूल एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही परीक्षा पूर्व होने वाली बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि नीट यूजी परीक्षा के निष्पक्ष संचालन के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाओं एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट