के.जे. सोमैया स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के छात्रों की राष्ट्रीय डेटाथॉन में बड़ी उपलब्धि
- एबी न्यूज, डेस्क संवाददाता
- Feb 11, 2026
- 121 views
मुंबई। के.जे. सोमैया स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित Datathon 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कोर मशीन लर्निंग (Core ML) डोमेन में प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 24 घंटे की राष्ट्रीय हैकाथॉन थी, जिसका आयोजन छात्र-नेतृत्व वाले तकनीकी क्लब DataZen द्वारा किया गया।
हैकाथॉन में दो प्रमुख डोमेन—जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Gen AI) और कोर मशीन लर्निंग (Core ML)—शामिल थे। देशभर के विभिन्न इंजीनियरिंग एवं तकनीकी संस्थानों के छात्रों ने इसमें भाग लेते हुए सीमित समय में वास्तविक जीवन की समस्याओं पर आधारित तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए। कोर मशीन लर्निंग डोमेन में विजेता टीम में सोहम शुक्ला, युवराज पांडेय, युवान शाह और सिद्धांत ठाकुर शामिल रहे। टीम ने अपने नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण, मजबूत तकनीकी समझ और व्यावहारिक समाधान के माध्यम से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन उद्योग एवं तकनीकी क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा किया गया। टीमों का आकलन समस्या की गहन समझ, समाधान में नवाचार, मशीन लर्निंग तकनीकों के प्रभावी उपयोग, व्यावहारिकता तथा अंतिम प्रस्तुति के आधार पर किया गया। Datathon 2026 का उद्देश्य छात्रों में उन्नत मशीन लर्निंग एवं एआई कौशल को प्रोत्साहित करना, नवाचार को बढ़ावा देना तथा युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करना था। छात्रों की यह सफलता न केवल उनके कठोर परिश्रम का परिणाम है, बल्कि संस्थान में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और मार्गदर्शन का भी प्रमाण मानी जा रही है। इस उपलब्धि पर संस्थान प्रशासन, प्राध्यापकगण एवं सहपाठियों ने विजेता टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


रिपोर्टर