जिले में 11,12 व 13 जून को आयोजित होगा पुस्तक–गणवेश मेला सभी विकासखंडों में होंगे कार्यक्रम
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jun 07, 2025
- 100 views
राजगढ़ । नवीन शैक्षणिक सत्र के लिए समस्त शालाओं के पालकों को पुस्तक एवं गणवेश वितरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सभी विकासखंडों में 11 ,12 एवं 13 जून 2025 को पुस्तक–गणवेश मेला आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा मेले के आयोजन हेतु समस्त विकासखंडों में एसडीएम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सहायक नोडल के रूप में दायित्व निभाएंगे। संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि मेला स्थल पर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण हों।
मेले के सफल आयोजन के लिए कई आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं। जिसमें मेला का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराया जाएगा, जिसके लिए पूर्व से सहमति प्राप्त की जाएगी। आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि व ग्राम स्तरीय कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे। मेले में पेयजल, माइक, टेंट, कूलर, पंखा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं के साथ बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी तथा फर्नीचर व वाहन के लिए भी व्यवस्था रहेगी। इस दौरान क्षेत्र के समस्त पुस्तक व गणवेश विक्रेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। मेला स्थल पर नगरपालिका द्वारा पेयजल व कूलर आदि की जिम्मेदारी रहेगी। साथ ही शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी, रात्रि में प्रकाश व रुकने की समुचित व्यवस्था भी रहेगी। रात्रि में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रकाश व फर्नीचर की व्यवस्था संबंधित शाला द्वारा की जाएगी। समस्त विभागों को उनकी भूमिकानुसार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि मेला आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए। यह मेला पालकों के लिए एक ही स्थान पर पुस्तक और गणवेश की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


रिपोर्टर