श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ हेतु ध्वजारोहण एवं ध्वज पूजन संपन्न, मुजान गांव में उमड़ा आस्था का सैलाब
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 09, 2026
- 15 views
संवाददाता जैनेन्द्र तिवारी की रिपोर्ट
कैमूर----- जिले के मोहनियां प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मुजान गांव में आयोजित होने वाले श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ को लेकर रविवार को ध्वजारोहण एवं ध्वज पूजन का भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। श्री सुदर्शनाचार्य जी महाराज के सानिध्य में हुए इस धार्मिक आयोजन में गांव ही नहीं, आसपास के दर्जनों गांवों के श्रद्धालु भी शामिल हुए।
ध्वजारोहण से पूर्व गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में संत-महात्मा, श्रद्धालु, महिला-पुरुष एवं युवा भगवा ध्वज लेकर शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप, शंखनाद और जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा। खेतों के बीच से गुजरती शोभायात्रा में साधु-संतों के साथ सैकड़ों ग्रामीण कतारबद्ध होकर चल रहे थे।
यज्ञ स्थल पर पहुंचने के बाद विधि-विधान से ध्वज पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच ध्वज को स्थापित किया गया। श्री सुदर्शनाचार्य जी महाराज ने ध्वज पूजन कर यज्ञ की सफलता एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि यज्ञ से वातावरण शुद्ध होता है और समाज में सद्भावना व संस्कार का संचार होता है।
बताया गया कि ध्वजारोहण से एक दिन पूर्व ही यज्ञ की तैयारियों को लेकर गांव में बैठक संपन्न हुई थी, जिसमें आयोजन समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने जिम्मेदारियों का बंटवारा किया था।
आयोजन समिति के अनुसार, ध्वजारोहण के साथ ही महायज्ञ की औपचारिक शुरुआत हो गई है। आगामी दिनों में जलभरी शोभायात्रा के उपरांत कथा, प्रवचन, भजन-कीर्तन, हवन एवं भंडारे का आयोजन होगा। यज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान गांव में शांति एवं भक्ति का वातावरण बना रहा।


रिपोर्टर