वन विभाग की जमीन पर खड़ा हुआ मोबाइल टावर, स्थानीयों ने उठाए सवाल
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 13, 2025
- 116 views
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगर पालिका प्रशासन जहां अवैध इमारतों और अतिक्रमण के मामलों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहता है, वहीं अब वन विभाग और सरकारी जमीन पर भी अवैध कब्जे की खबर सामने आई है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यहां बिना किसी अनुमति के मोबाइल टावर लगाया गया है और पालिका प्रशासन इस पर कार्रवाई करने के बजाय मौन साधे हुए है। स्थानीय निवासी हासीम शेर मोहम्मद अली अंसारी ने वन विभाग के अधिकारी को लिखित शिकायत देते हुए आरोप लगाया है कि प्रभाग समिति क्रमांक 2 के मुमताज नगर इलाके में पाइपलाइन के पास स्थित वन विभाग की जमीन पर अवैध रूप से 5जी मोबाइल टावर खड़ा कर दिया गया है। शिकायत में कहा गया है कि मुमताज नगर निवासी जमशेद अहमद हैदर अली अंसारी ने किसी भी प्रकार की अनुमति लिए बिना यह टावर स्थापित किया है,शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि इस टावर से निकलने वाले रेडिएशन के कारण गंभीर और घातक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल टावर हटाने और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, इस मामले में नगर पालिका प्रशासन और वन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


रिपोर्टर