ग्राम कचहरियों को सुविधाओं से लैस करने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा 11 सूत्री मांग पत्र
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 26, 2026
- 1 views
पंच-सरपंच संघ ने मानदेय, भत्ता बढ़ाने, सुरक्षा और प्रहरी-सफाई कर्मी की स्थायी व्यवस्था सहित उठाईं कई मांगें
कैमूर:-- बिहार प्रदेश पंच-सरपंच संघ की कुदरा इकाई ने ग्राम कचहरियों को सर्वसुविधा संपन्न बनाने तथा निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और कर्मियों की समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को 11 सूत्री मांग पत्र भेजा है। संघ की ओर से ग्राम कचहरियों की कार्यप्रणाली में सुधार, आर्थिक संसाधन उपलब्ध कराने, जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और न्यायिक अधिकारों का प्रभावी क्रियान्वयन कराने की मांग की गई है। मांग पत्र में कहा गया है कि बिहार में वर्ष 2006 से ग्राम कचहरियां संचालित हैं। ये ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-मोटे विवादों का निपटारा कर आम लोगों को सस्ता, सरल और त्वरित न्याय उपलब्ध करा रही हैं। इससे ग्रामीणों को समय और पैसे की बचत होती है तथा अनुमंडल और व्यवहार न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ भी कम होता है। इसके बावजूद ग्राम कचहरियां आज भी बुनियादी सुविधाओं और संसाधनों की कमी से जूझ रही हैं। संघ ने मांग की है कि पंच, सरपंच और उपसरपंच को स्थानीय निकाय विधान परिषद चुनाव में मतदाता बनाया जाए अथवा ग्राम कचहरी के किसी एक प्रतिनिधि को विधान परिषद में मनोनीत किया जाए, ताकि सदन में उनकी समस्याओं को उठाया जा सके। प्रत्येक ग्राम कचहरी में कार्यरत प्रहरी सह सफाई कर्मी को मान्यता देने तथा शेष ग्राम कचहरियों में भी इसकी व्यवस्था करने की मांग की गई है। इसके अलावा ग्राम कचहरी की सुनवाई से संबंधित वित्तीय सीमा 10 हजार रुपये से बढ़ाकर तीन लाख रुपये करने, वर्ष 2011 से लंबित नियत एवं विशेष भत्ता, यात्रा भत्ता, कंटीजेंसी, भवन किराया और फर्नीचर मद की बकाया राशि की प्रखंडवार जांच कर भुगतान कराने की मांग की गई है। राज्य वित्त आयोग से पूर्व की भांति प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये देने और कंटीजेंसी राशि बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। मांग पत्र में शराब, गांजा, चरस और अफीम जैसी नशीली वस्तुओं के इस्तेमाल पर रोकथाम एवं सुनवाई का अधिकार ग्राम कचहरियों को देने, ग्राम कचहरी को प्रदत्त अधिकारों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराने तथा पुलिस प्रशासन से पूरा सहयोग दिलाने की मांग की गई है। साथ ही पंच-सरपंच और ग्राम कचहरी कर्मियों पर होने वाले कथित झूठे मुकदमों, मारपीट और हत्या जैसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही गई है। संघ ने जनवितरण प्रणाली, मनरेगा, वीबी-जी राम जी, आंगनबाड़ी, विद्यालय, मठ-मंदिर और अन्य सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की निगरानी का अधिकार देने के साथ प्रत्येक ग्राम कचहरी में अमीन, कंप्यूटर ऑपरेटर और आदेशपाल की स्थायी नियुक्ति करने की मांग भी उठाई है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों एवं कर्मियों को सम्मानित करने तथा सरपंच और उपसरपंच को पूर्व की भांति न्याय पगड़ी उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। यह मांग पत्र प्रदेश महासचिव सह भदौला ग्राम कचहरी के सरपंच दिलीप सिंह और कुदरा प्रखंड अध्यक्ष रामसुरत सिंह के नेतृत्व में तैयार किया गया है। संघ ने मुख्यमंत्री से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।


रिपोर्टर