10 वर्षों से व्यावसायिक प्रशिक्षकों के शोषण का आरोप, NVETA ने मंत्री गौतम टेटवाल को सौंपा ज्ञापन
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Nov 22, 2026
- 2 views
सारंगपुर । नवीन व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत प्रदेशभर में कार्यरत व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने पिछले 10 वर्षों से कंपनियों के माध्यम से हो रहे शोषण और श्रम नियमों के उल्लंघन का मुद्दा उठाया है। इसी सिलसिले में 22 नवंबर को नवीन व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक महासंघ (NVETA) के जिला अध्यक्ष लोकेंद्र नागर के नेतृत्व में जिला कार्यकारिणी के प्रतिनिधिमंडल ने कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद कंपनियों द्वारा प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर जारी किए जा रहे हैं। आरोप है कि इन ऑफर लेटर में ऐसी शर्तें रखी गई हैं, जो प्रशिक्षकों के अधिकारों का हनन करती हैं। साथ ही कंपनियां श्रम नियमों का पालन नहीं करने संबंधी शर्तें भी लिखित रूप में शामिल कर रही हैं। प्रशिक्षकों को कई-कई माह तक वेतन नहीं दिया जा रहा है तथा दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के लिए अनुचित दबाव बनाया जा रहा है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा का उद्देश्य युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान कर बेरोजगारी को कम करना है, लेकिन विडंबना है कि इसी व्यवस्था में बच्चों का भविष्य संवारने वाले प्रशिक्षक स्वयं शोषण का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों की निष्क्रियता के चलते यह स्थिति लगातार बनी हुई है।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि व्यावसायिक शिक्षा व्यवस्था को निजी कंपनियों एवं बिचौलियों के नियंत्रण से मुक्त कर सीधे विभागीय निगरानी में संचालित किया जाए, ताकि प्रशिक्षकों का शोषण समाप्त हो और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा मिल सके।
इस दौरान NVETA के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह परमार सहित जिला कार्यकारिणी के सदस्य एवं व्यावसायिक प्रशिक्षक उपस्थित रहे। मंत्री गौतम टेटवाल ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कलेक्टर राजगढ़ को मामले की जांच के निर्देश देने का आश्वासन दिया।


रिपोर्टर