भिवंडी में निर्माण स्थल पर हादसा, मजदूर गंभीर रूप से घायल
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 28, 2025
- 267 views
सुरक्षा उपकरण न देने पर ठेकेदार पर केस दर्ज, मजदूरों में गुस्सा
भिवंडी। भिवंडी तालुका के पिंपलास गांव इलाके में निर्माणाधीन इमारत पर लापरवाही के चलते एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना 17 अगस्त दोपहर करीब 12 बजे भूमि वर्ल्ड, गेट नंबर-01 के पास हुई। हादसे में घायल 20 वर्षीय आदिल दिलशाद राजपूत का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
कोनगांव पुलिस के अनुसार, आदिल को निर्माण सामग्री ऊपरी मंजिल पर पहुंचाने का काम सौंपा गया था। आरोप है कि ठेकेदार फरहान रफिक शेख ने मजदूर को हेलमेट और सेफ्टी बेल्ट जैसे जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए। बिना सुरक्षा के आदिल जब लकड़ी के बांबू से होकर ऊपर जा रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में आदिल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मजदूरों में रोष फैल गया। उनका आरोप है कि मालिक और ठेकेदार मजदूरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं लेते, हर बार गरीब मजदूर ही अपनी जान जोखिम में डालते हैं। पुलिस ने ठेकेदार फरहान रफिक शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(अ) और 125(ब) के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि घटना के बाद आरोपी फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए होते तो यह हादसा टल सकता था। फिलहाल जांच जारी है और घायल मजदूर के बयान के आधार पर आगे की कार्यवाही की जा रही है।


रिपोर्टर