दस का शासन नब्बे पर नहीं चलेगा -तेजस्वी
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 05, 2025
- 111 views
रोहतास। दस का शासन अब नब्बे पर नहीं चलेगा। सौ में नब्बे शोषित हैं, नब्बे भाग हमारा है। यही नारा था, दलितों, निरीहों और पिछड़ों के मसीहा बाबू जगदेव प्रसाद जी का। उक्त बातें बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने स्थानीय फजलगंज स्टेडियम में आयोजित अमर शहीद बाबू जगदेव प्रसाद सिंह के शहादत-दिवस पर एक जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जगदेव बाबू के बताये रास्ते पर चलकर ही उनके सपनों को साकार किया जा सकता है। जगदेव बाबू गरीबों, लाचारों, वंचितों और पिछड़ों के लिए आजीवन संघर्ष करते रहे। तेजस्वी यादव ने बिहार के एनडीए सरकार को आने वाले विधानसभा चुनाव में उखाड़ फेंकने की बात करते हुए महागठबंधन की सरकार बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि बिहार में बेरोजगारी और पलायन से निजात के लिए यहाँ महागठबंधन क़ी सरकार बनाना जरूरी है। इस सरकार में अफसरशाही बेलगाम हो गयी है। जनता हाशिये पर है। तेजस्वी ने कहा की हमारी 17 महीने की सरकार बिहार के आम-अवाम के लिए समर्पित थी। हमने पाँच लाख बेरोजगारों को रोजगार देकर एक नया बिहार बनाने का संकल्प लिया था। अभी बहुत कुछ करना शेष था, लेकिन नीतीश जी फिर भाजपा की गोद में जा बैठे। उन्होंने कहा कि अगर हत्या, अपहरण और बलात्कार से निजात पाना है तो महागठबंधन की सरकार बनाकर ही इससे मुक्ति पायी जा सकती है। कार्यक्रम में आये, बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह, पूर्व सांसद आलोक मेहता, पूर्वमंत्री रेणु कुशवाहा, पूर्वमंत्री अनिता देवी सांसद संजय यादव, अर्चना गुप्ता,दिनारा के विधायक विजय कुमार मंडल, सासाराम के विधायक राजेश गुप्ता, विधान पार्षद अशोक पाण्डेय, सीमा कुशवाहा, राजद के जिलाध्यक्ष रसमचंद्र ठाकुर, उमेश गुप्ता, सुरेंद्र कुशवाहा तथा शंकर कुशवाहा ने भी आने वाले विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनाने की बात कही।


रिपोर्टर