वंजारपट्टी नाका का उड़ान पुल बना शराबियों अड्डा बना
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 05, 2025
- 155 views
भिवंडी । भिवंडी के वंजारपट्टी नाका स्थित उड़ान पुल के नीचे का इलाका शराबियों का अड्डा बन चुका है। वजह है यहीं पर संचालित मनोहर वाइन शॉप, जिसके कारण देर शाम होते ही शराबियों की भीड़ जुट जाती है। पुल के नीचे शराब पीने वालों का यह जमावड़ा स्थानीय लोगों के लिए सिरदर्द बन गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मुस्लिम बहुल्य इलाके में वाइन शॉप के मालिक ने शराबियों के लिए बाकायदा पानी और कचरे का डिब्बा तक उपलब्ध करवा रखा है, ताकि वे बेझिझक वहीं शराब पीकर गंदगी फैलाते रहें। नतीजा यह है कि सड़क पर से गुजरने वाले राहगीरों और नमाज़ियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। गौरतलब है कि पास में ही मस्जिद स्थित है और नमाज़ के वक्त इस रास्ते से बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। निज़ामपुर पुलिस थाना क्षेत्र में आने वाली इस वाइन शॉप के खिलाफ स्थानीय लोगों ने कई बार शिकायत की है। शराबियों की हुड़दंग और असामाजिक हरकतों से महिलाओं और बच्चों को असुरक्षा का अहसास होता है। शिकायतों के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।निवासियों का कहना है कि शराबियों का यह अड्डा धीरे-धीरे अपराध और असामाजिक गतिविधियों को भी जन्म दे सकता है। वे मांग कर रहे हैं कि प्रशासन तुरंत इस वाइन शॉप पर सख्त कार्रवाई करे और उड़ान पुल के नीचे की जगह को शराब मुक्त बनाए,जब सरकार नशा-मुक्ति को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, तो भिवंडी जैसे घनी आबादी वाले इलाके में पुलिस और प्रशासन शराबियों को संरक्षण क्यों दे रहे हैं। अगर जल्द ही कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।


रिपोर्टर