नेहरू नगर में पहाड़ी पर मकान की दीवार ढही, बड़ा हादसा टला

भिवंडी। भिवंडी निज़ामपुर शहर महानगरपालिका क्षेत्र के प्रभाग समिति क्रमांक 2 अंतर्गत नेहरू नगर में रविवार रात एक बजे एक मकान की दीवार अचानक ढह गई। यह मकान पहाड़ी की ऊँचाई पर स्थित था। गनीमत रही कि हादसे के समय दीवार के पास कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरी हुई दीवार का मलबा हटाने की प्रक्रिया और भी खतरनाक साबित हो सकती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि मलबा पूरी तरह हटाया गया तो पाँच से सात मकान और पहाड़ी से खिसक सकते हैं। इससे आसपास रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। नगरपालिका के कर मूल्यांकन विभाग ने इस मकान को क्रमांक 2639/0 जारी किया है। घटना की सूचना मिलते ही सोमवार की सुबह महानगरपालिका का आपातकालीन विभाग और प्रभाग समिति 2 के कर्मचारी मौके पर पहुँचे और मलबा हटाने का प्रयास किया। हालांकि, स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी कि जल्दबाज़ी में की गई कार्रवाई से और मकान ढहने का खतरा बढ़ सकता है। नेहरू नगर की पहाड़ी पर बसी झोपड़पट्टियाँ पहले भी भूस्खलन और दीवार गिरने की घटनाओं से प्रभावित होती रही हैं। अब स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन तात्कालिक सुरक्षा उपाय करते हुए प्रभावित मकानों का सर्वे कराए और ज़रूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट