कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने किया फसल प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Sep 10, 2025
- 665 views
किसानों को दी जल निकासी एवं नई किस्मों की खेती की सलाह
राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा मंगलवार को विकासखण्ड सारंगपुर के ग्राम तलेनी, मगराना एवं चतरुखेड़ी में कृषकों के खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सोयाबीन की फसल में जल जमाव के कारण आई बीमारी और पीलापन की जानकारी ली।
निरीक्षण में पाया गया कि सोयाबीन की जेएस-9560 किस्म में पकने की अवधि नजदीक होने और खेतों में जल निकासी न होने से पीला पन आया है। कलेक्टर ने किसानों को खेत से जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि श्री सचिन जैन, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. रुपेन्द्र खाण्डवे एवं डॉ. लालसिंह सगर, एसडीओ (राजस्व) श्री रोहित बमोरे, एसडीओ कृषि सुश्री दीक्षा राठौर तथा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री राजेश राजपूत उपस्थित रहे।
इसी प्रकार विकासखण्ड ब्यावरा के ग्राम भूरा में कृषक माधवसिंह के खेत पर सोयाबीन किस्म जेएस-9560 में यलो मोजेक रोग पाया गया। वहीं ग्राम बाईहेड़ा में कृषक हेमराज के खेत पर सोयाबीन की नई किस्में आरवीएस-24 एवं आरवीएसएम-1135 का निरीक्षण किया गया, जिनमें किसी प्रकार की बीमारी नहीं पाई गई।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने किसानों को सोयाबीन की बोनी मेड-नाली पद्धति से करने तथा नई प्रजातियां आरवीएस-24, आरवीएस-18 और जेएस-2098 लगाने की सलाह दी। साथ ही किसानों को कृषि रक्षक पोर्टल के टोल-फ्री नम्बर 14447 पर अतिवृष्टि से हुए नुकसान की जानकारी दर्ज कराने हेतु प्रेरित किया गया।


रिपोर्टर