छठ पूजा आज प्रशासन मुस्तैद
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 26, 2025
- 34 views
रोहतास। छठ महापर्व में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किये हैं। जिला प्रशासन ने कहा कि अर्घ्य या स्नान के दौरान किसी भी स्थिति में गहरे पानी में न जाएं और नदियों-तालाबों में की गयी बैरिकेडिंग के बाहर न जायें। सुरक्षा व्यवस्था श्रद्धालुओं की रक्षा के लिए की गयी है, इसलिए इसका पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन ने घाटों पर मेडिकल कैंप, दवा वितरण केंद्र और डॉक्टर-परामेडिकल स्टाफ की तैनाती का भी निर्देश जारी किया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके। रोहतास जिले में कुल घाटों की संख्या 618 है, जिसमें 51 घाट खतरनाक, 130 अति संवेदनशील घाट, 284 संवेदनशील घाट है। सासाराम के दो घाट एवं डेहरी के 12 घाट पर एसडीआरएफ की प्रतिनियुक्त की जा रही है, जबकि 203 घाटों पर स्थानीय गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। किसी भी आपात सूचना के लिए जिला आपातकालीन, रोहतास के दूरभाष संख्या -06184226093/06184226072 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कहा है कि अर्घ्य के समय प्रशासन द्वारा लगाये गये बैरिकेडिंग के भीतर ही रहें। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को घाट पर लाते समय विशेष सावधानी रखें। जिला प्रशासन तथा पुलिस के निर्देशों का पालन करें। घाटों पर स्वच्छता बनाये रखें और पूजा सामग्री को निर्धारित स्थान पर ही विसर्जित करें। जरूरत पड़ने पर नजदीकी आपदा मित्र या प्रशासनिक अधिकारी से संपर्क करें। संपूर्ण व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन का सहयोग करें। गहरे पानी में स्नान या अर्घ्य देने के लिए न उतरें और यातायात नियमों का उल्लंघन या अवैध पार्किंग न करें।


रिपोर्टर