कैमूर में 'सरदार@150 पदयात्रा' का भव्य आगाज, 22 और 23 नवंबर को एकता के रंग में रंगेगा जिला

लौह पुरुष की 150वीं जयंती पर विशेष आयोजन, 'शून्य कचरा' और 'एक भारत-विकसित भारत' का दिया जाएगा संदेश

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में कैमूर जिले में 'सरदार@150 पदयात्रा' की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आदर्श आचार संहिता के कारण लंबित इस आयोजन को अब जिला कोर समिति ने अंतिम रूप दे दिया है। राष्ट्रीय एकता और स्वच्छता के संदेश के साथ यह पदयात्रा दो चरणों में 22 और 23 नवंबर को आयोजित की जाएगी। पहला चरण (भभुआ): 22 नवंबर 2025 को सुबह 7:30 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल कॉलेज से यात्रा शुरू होगी। यह पटेल चौक, एकता चौक और कैमूर स्तंभ होते हुए समाहरणालय पर समाप्त होगी।

दूसरा चरण (मोहनियाँ): 23 नवंबर 2025 को सुबह 8:00 बजे चाँदनी चौक से शुरू होकर भभुआ रोड रेलवे स्टेशन तक जाएगी। पदयात्रा का शुभारंभ सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और जिला पदाधिकारी द्वारा प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाने के साथ होगा। माननीय सांसद, विधायक या प्रभारी मंत्री हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना करेंगे। इस दौरान पौधारोपण किया जाएगा और सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पदयात्रा के दौरान हर 1-1.5 किलोमीटर पर 'हॉल्ट प्वाइंट' बनाए जाएंगे, जहां स्थानीय लोग यात्रियों का स्वागत करेंगे। यहाँ एनएसएस (NSS) स्वयंसेवकों द्वारा रंगोली बनाने के साथ-साथ बारदोली सत्याग्रह पर नुक्कड़ नाटक और देशभक्ति गीतों का आयोजन होगा। आयोजन को 'प्लास्टिक मुक्त' रखने के लिए 'स्वच्छता टोली' तैनात रहेगी और कचरा प्रबंधन पर जागरूकता सत्र भी चलाए जाएंगे।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के संबोधन के बाद समाजसेवियों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में जिला प्रशासन, युवा विभाग, शिक्षा विभाग, एनएसएस और 'माय भारत' के प्रतिनिधि सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट