धान अधिप्राप्ति को लेकर डीएम ने की बैठक


रोहतास। जिलाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 अंतर्गत धान अधिप्राप्ति एवं पराली प्रबंधन से संबंधित समीक्षात्मक बैठक की गयी। बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखण्डों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि तीन दिनों के अंदर चयनित पैक्सों एवं व्यापार मंडलों को क्रियाशील करायेंगे तथा किसानों का भुगतान 48 घंटे के अंदर कराना सुनिश्चित करेंगे। जिला कृषि पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि किसान सलाहकार के माध्यम से प्रत्येक पंचायत में धान बेचने वाले इच्छुक किसानों का डेटाबेश तैयार कराते हुए किसानों की सूची प्रखण्ड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को उपलब्ध करायेंगे। इसमें छोटे एवं मझोले किसानों के प्राथमिकता का ध्यान रखेंगे ताकि उन्हें डिस्ट्रेस सेल से बचाया जा सके। प्रखण्डों के वरीय नोडल पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि प्रत्येक सप्ताह में दो दिन पैक्स का भ्रमण करेंगे एवं धान अधिप्राप्ति केन्द्र का भौतिक सत्यापन करते हुए किसानों की समस्याओं का निवारण त्वरित गति से करेंगे। साथ ही यह भी निदेश दिया गया कि 27 नवंबर को अपने-अपने प्रखण्ड अंतर्गत धान अधिप्राप्ति संबंधित समीक्षात्मक बैठक आहुत करेंगे जिसमें पैक्स अध्यक्षों के साथ जन प्रतिनिधियों यथा- मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य आदि को बैठक में भाग लेने हेतु आमंत्रित करेंगे। अनुमण्डल पदाधिकारी सासाराम, डिहरी तथा बिक्रमगंज को निदेश दिया गया कि जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम, रोहतास एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी, रोहतास के साथ समन्वय स्थापित करते हुए एक सप्ताह के अंदर जिलान्तर्गत आने वाले उसना एवं अरवा मिलों का भौतिक सत्यापन करना सुनिश्चित करेंगे ताकि माह दिसम्बर 2025 के पहले सप्ताह से सी.एम. आर. की आपूर्ति प्रारंभ हो सके। रोहतास एवं नौहट्टा प्रखण्ड के वरीय नोडल पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि राईस मिलों से समितियों की दूरी का आकलन करते हुए प्रतिवेदन समर्पित करेंगे जिससे की आवश्यकता अनुसार उन दोनों प्रखण्डों के समितियों को अरवा एवं उसना चावल की आपूर्ति हेतु समानुपातिक लक्ष्य का निर्धारण किया जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट