सीएम ने 10 लाख महिलाओं के खाते में भेजे 1000 करोड़ रुपये
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 28, 2025
- 70 views
मां मुंडेश्वरी सभागार में डीएम की मौजूदगी में हुआ भव्य कार्यक्रम, जीविका दीदियों ने कहा- यह राशि नए अवसरों का द्वार
संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:- राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' के तहत गुरुवार को राज्यभर की महिलाओं को बड़ा आर्थिक तोहफा दिया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की 10 लाख महिला लाभुकों के बैंक खातों में एक साथ कुल 1,000 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। प्रत्येक लाभुक को ₹10,000 की सहायता राशि प्रदान की गई है। इस राज्यव्यापी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कैमूर जिले के 'मां मुंडेश्वरी सभागार' में किया गया, जहाँ जिला पदाधिकारी कैमूर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभागार में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों, कार्यकर्ताओं और महिला समूहों की सदस्यों ने हिस्सा लिया। जैसे ही मुख्यमंत्री ने रिमोट के जरिए राशि जारी की, सभागार में उपस्थित महिलाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इस पहल का स्वागत किया। सभागार में उपस्थित जिला पदाधिकारी ने इस योजना को महिलाओं की आर्थिक प्रगति के लिए एक 'क्रांतिकारी कदम' करार दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "यह योजना महिलाओं को वित्तीय स्वावलंबन की दिशा में ले जाने वाला एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कैमूर जिले की सभी पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुँचाया जाएगा।" डीएम ने इस योजना को धरातल पर सफल बनाने में जीविका समूहों की भूमिका को अत्यंत सराहनीय बताया। लाभुक महिलाओं ने इस आर्थिक सहायता को अपने जीवन में "नए अवसरों का द्वार" बताया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह राशि उनके छोटे व्यवसायों को बड़ा सहारा देगी। कई महिलाओं ने साझा किया कि वे इस पैसे का उपयोग घरेलू उद्यम, पशुपालन, छोटी दुकान और खाद्य प्रसंस्करण जैसे कार्यों को आगे बढ़ाने में करेंगी, जिससे उनके परिवार की आय में मजबूती आएगी।


रिपोर्टर