विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए खिताब और हिजाब को बनाया जा रहा है राजनीतिक हथियार

संवाददाता पारसनाथ दुबे

डेहरी आनसोन रोहतास। जनता दल (यूनाइटेड) के अधिवक्ता एवं प्रवक्ता बैरिस्टर सिंह ने कहा है कि विपक्ष के पास जब कोई ठोस जनहित का मुद्दा नहीं बचता, तब वह खिताब और हिजाब जैसे विषयों को अनावश्यक रूप से तूल देकर राजनीतिक रोटियाँ सेंकने का प्रयास करता है। यदि यही रवैया जारी रहा, तो वह दिन दूर नहीं जब ऐसे लोग जनता के बीच पूरी तरह शून्य हो जाएंगे।

प्रवक्ता ने कहा कि जिस महिला को माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा सम्मानित किया गया, उसके संदर्भ में हिजाब को लेकर जो विवाद खड़ा किया जा रहा है, वह पूरी तरह निराधार है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह दायित्व पुलिस-प्रशासन का था कि मुख्यमंत्री से सम्मान प्राप्त करने से पूर्व सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी परिस्थिति में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा ऐसा किया गया है, तो उस पर इतना बड़ा हंगामा करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि यह भी सुनने में आ रहा है कि कुछ सिरफिरे तत्व मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। ऐसे लोगों को चेतावनी है कि वे होश में रहें। माननीय मुख्यमंत्री की भावनाएँ बिहार की जनता से जुड़ी हुई हैं। उनका परिवार पूरा बिहार है। कुछ लोगों को जनता से कोई सरोकार नहीं, उन्हें केवल बोलने का बहाना चाहिए।

बैरिस्टर सिंह ने विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय से अपील करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर वे भी खुलकर अपनी बात रखें। सरकारी योजनाओं और लाभों का उद्देश्य समाज का समग्र विकास है। विकास के रास्ते में धर्म और मजहब को राजनीतिक हथियार बनाना समाज के हित में नहीं है। हिजाब का मुद्दा विकास से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा कि यदि मुस्लिम समाज वास्तव में विकास और आर्थिक समृद्धि चाहता है, तो उसे समाज में नफरत और विभाजन फैलाने वाले तत्वों का भी विरोध करना होगा। कुछ लोग केवल अपने स्वार्थ के लिए सांप्रदायिक सद्भावना को नुकसान पहुँचाना चाहते हैं, लेकिन बिहार की जनता ऐसा कभी स्वीकार नहीं करेगी।

अंत में प्रवक्ता ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में कभी किसी के साथ अन्याय नहीं किया और न ही वे किसी भ्रष्टाचार में शामिल रहे हैं। उन्होंने बिहार के विकास और सम्मान को देश और दुनिया में नई ऊँचाई दी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट