डीएम ने कुदरा में की विकास कार्यों की समीक्षात्मक बैठक
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Dec 20, 2025
- 969 views
सकरी डैम पर बनेगा पार्क, बस स्टैंड के लिए जमीन चिह्नित करने के निर्देश
अब देखना यह होगा कि क्या जिला पदाधिकारी द्वारा दी गई निर्देश धरातल पर दिखेगा भी
संवाददाता जैनेन्द्र तिवारी की रिपोर्ट
कुदरा (कैमूर)-- स्थानीय बी.आर.जी.एफ. (BRGF) भवन में शनिवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रखंड की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के साथ-साथ स्थानीय जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया गया। बैठक में जिला और प्रखंड स्तर के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान जिले के विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जिला परिषद सदस्य और प्रखंड प्रमुख ने जनसमस्याओं का पिटारा खोला। मुख्य मांगों में कुदरा-भभुआ मोड़ पर 'फुट ओवरब्रिज' का निर्माण, धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया में तेजी लाना, जन्म प्रमाण पत्र बनाने में हो रही देरी और मनरेगा भुगतान के लंबित मामलों का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। इसके अलावा, नगर क्षेत्र में व्यवस्थित बस स्टैंड व टेम्पो पड़ाव के अभाव और नल-जल योजना की अनियमितताओं पर भी चर्चा हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सकरी डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और वहां पार्क बनाने का सुझाव दिया। जिला पदाधिकारी ने इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वयं बांध का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी ने विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वालों को कड़ी चेतावनी दी और कई अहम निर्देश जारी किए:
डेरवा पंचायत के हाई स्कूल तक पहुँच पथ के लिए मनरेगा पीओ को स्थल जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया।
नेवरास पंचायत में पानी की समस्या के लिए पीएचईडी के जेई को और केवड़ी गांव में जल-जमाव से मुक्ति के लिए सोख्ता निर्माण का निर्देश मनरेगा अधिकारी को दिया गया।नगर क्षेत्र में बस और टेम्पो स्टैंड के लिए अंचलाधिकारी (CO) और कार्यपालक अभियंता को समन्वय बनाकर जमीन चिह्नित करने का जिम्मा सौंपा गया।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने एक सराहनीय पहल करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों से 'बुक डोनेशन ड्राइव' (पुस्तक दान अभियान) चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुस्तकालयों को समृद्ध बनाकर ही समाज में शिक्षा का वास्तविक प्रसार किया जा सकता है। इसके लिए उन्होंने जनभागीदारी का आह्वान किया। समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त (DDC), अपर समाहर्ता, अनुमण्डल पदाधिकारी (मोहनियां), विशेष कार्य पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, बीपीआरओ, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी, ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता सहित सभी ग्राम पंचायतों के मुखिया और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
क्या जिला पदाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देश धरातल पर भी दिखेगा
यदि सच्चाई देखा जाए तो जिले में अनेकों जिला पदाधिकारी आए उनके द्वारा सुधार हेतु बहुत बार ऐसे निर्देश दिया जा चुका है पर अभी तक धरातल पर नगण्य है, अब देखना यह होगा कि इस जिला पदाधिकारी के द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन धरातल पर दिखता है या हर बार की भांति इस बार भी नगण्य ही दिखता है।


रिपोर्टर