कैमूर में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक टकराई पेड़ से दो की मौत
- रामजी गुप्ता, सहायक संपादक बिहार
- Dec 22, 2025
- 80 views
महुआरी गांव के पास अनियंत्रित मोटरसाइकिल हादसे में दो युवकों की मौत, गांव में शोक, पुलिस जांच में जुटी
कैमूर ।। जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआरी गांव के समीप बलुआ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को आनन-फानन में रामगढ़ रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने महुआरी गांव निवासी रामप्रवेश राम के पुत्र रौशन कुमार, उम्र लगभग 18 वर्ष, को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल पठसेरवा गांव निवासी राजवंश राम के पुत्र नीतीश कुमार, उम्र लगभग 18 वर्ष, की हालत गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए नीतीश कुमार को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन हायर सेंटर ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया। इस हादसे के बाद दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


रिपोर्टर