स्कूल बसों की जांच में सख्ती, नियमों से खिलवाड़ पर परिवहन विभाग का कड़ा रुख
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jan 20, 2026
- 31 views
राजगढ़ । जिले में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने स्कूल बसों एवं अन्य यात्री वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी के निर्देशन में किया गया। जिसका उद्देश्य अवैध, असुरक्षित एवं नियमविरुद्ध संचालन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा।
जिला परिवहन अधिकारी श्री ज्ञानेंद्र वैश्य के मार्गदर्शन तथा आरटीओ चेक प्वाइंट राजगढ़-1 की प्रभारी सुश्री अनामिका कोली के नेतृत्व में टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूल बसों की गहन जांच की। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सभी वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों और वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप संचालित हों। अभियान के दौरान वाहनों के बीमा प्रमाणपत्र, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी), परमिट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की सघनता से जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर स्कूल बसों के विरुद्ध कुल 5 हजार रूपये की चालानी कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में बड़ी संख्या में ऑटो, ई-रिक्शा एवं स्कूल बसें बिना वैध बीमा एवं प्रदूषण प्रमाणपत्र के संचालित हो रही हैं। इस पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे वाहनों के विरुद्ध निरंतर चालानी और जब्ती की कार्रवाई की जाए। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को चेतावनी दी गई है कि वे सभी सुरक्षा मानकों एवं कानूनी प्रावधानों का पूर्ण पालन करें, अन्यथा भविष्य में और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर