आर एस के पब्लिक स्कूल बस्तीपुर में 12 घंटे का अखंड हरि कीर्तन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jan 24, 2026
- 57 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर आर एस के पब्लिक स्कूल बस्तीपुर में 12 घंटे का अखंड हरि कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
स्कूल के निदेशक आनंद सिंह ने कहा कि सरस्वती पूजा के दिन अखंड कीर्तन से वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे नकारात्मक शक्तियां दूर रहती हैं। उन्होंने कहा कि अखंड हरि कीर्तन का धार्मिक, मानसिक और सामाजिक—तीनों स्तरों पर विशेष महत्व है। इससे मां सरस्वती की विशेष कृपा प्राप्त होती है, जिससे विद्या, बुद्धि, स्मरण शक्ति और विवेक का विकास होता है। साथ ही मन की अशुद्धियां दूर होकर आत्मिक शांति मिलती है।
वहीं सोन राइजिंग स्कूल के निदेशक प्रशांत सिंह ने कहा कि सरस्वती पूजा के दिन अखंड कीर्तन का विशेष महत्व है। कीर्तन में मंत्र और नाम-स्मरण से एकाग्रता बढ़ती है, जो विशेषकर विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे तनाव, चिंता और मानसिक थकान में कमी आती है तथा संगीतात्मक भक्ति से मन प्रसन्न रहता है और सृजनात्मकता में वृद्धि होती है।
स्कूल के संयुक्त निदेशक गिन्नी सिंह ने कहा कि अखंड कीर्तन से युवा पीढ़ी में संस्कार और धार्मिक चेतना का विकास होता है। इसके माध्यम से गांव और मोहल्ले में शांति व सद्भाव का वातावरण बनता है। पारंपरिक मान्यता है कि सरस्वती पूजा के दिन हरि कीर्तन करने से विद्या में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं और परीक्षा व जीवन के कार्यों में सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि अखंड हरि कीर्तन विद्या, भक्ति और सद्भाव का सुंदर संगम है।
स्कूल के स्टाफ नागदेव सिंह के नेतृत्व में आयोजित अखंड कीर्तन में इन्द्रपुरी दूधमी, डेहरी के गायक सूरज नाथ यादव, लखन चौधरी, गोधन सिंह, अनिल यादव, बाल सिंह, सुनील सिंह, बलजीत यादव, वीरेंद्र सिंह सहित अन्य कलाकारों ने बारह घंटे तक हरे रामा-हरे कृष्णा और भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में प्रिंसिपल राज नारायण सिंह, जूनियर प्रिंसिपल प्रेमलता शर्मा, बादल गुरु अरुण कुमार, उपनिदेशक रंजन कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहेl


रिपोर्टर