प्रगति यात्रा में घोषित योजनाओं का डीएम ने की समीक्षा


रोहतास।माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री नीतीश कुमार द्वारा घोषित प्रगति यात्रा के आलोक में जिला रोहतास में संचालित, प्रस्तावित एवं प्रक्रियाधीन विकास योजनाओं की प्रगति की व्यापक समीक्षा हेतु बुधवार को जिलाधिकारी, रोहतास उदिता सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।


बैठक में रेहल से रोहतासगढ़ किला होते हुए चौरासन मंदिर तक पथ निर्माण योजना की समीक्षा की गई, जिसकी अनुमानित लागत ₹66.89 करोड़ है। यह योजना पर्यटन एवं ऐतिहासिक महत्व की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। समीक्षा में जिला पदाधिकारी ने इस योजना को प्रगति यात्रा की दृष्टि से प्राथमिकता में रखते हुए वन विभाग को आवश्यक स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने का निर्देश दिया। 


बैठक में बताया गया कि डेहरी–तेतराढ़–राजपुर पथ के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है तथा समय-सीमा के अनुरूप कार्य निष्पादित किया जा रहा है। 


बताया गया कि आयरकोठा–अकोढ़ीगोला–अमरा तालाब पथ (भाग–A) के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य प्रगति पर है। अकोढ़ीगोला बाईपास पथ निर्माण योजना, जिसकी अनुमानित लागत ₹88.78 करोड़ है, पर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि यह योजना भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के अंतर्गत है तथा RFCTLARR Act, 2013 के तहत अधिसूचना जारी की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अधिग्रहण प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।


बताया गया कि नोखा–नासरीगंज पथ के दूसरे किलोमीटर में बक्सर मुख्य कैनाल पर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल एवं पहुंच पथ निर्माण योजना कार्य बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है और वर्तमान में प्रगति पर है।

कोचस में नागरिक सुविधाओं के लिए नए बस स्टैंड निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

बैठक में बताया गया कि कुदरा–चेनारी–मल्हीपुर पथ के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य वन विभाग से NOC लंबित रहने के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। जिला पदाधिकारी द्वारा इसे नगर निकाय क्षेत्र से जल्द कार्य प्रारम्भ करने का निर्देश दिया गया।


पुरानी जीटी रोड के बेदा कैनाल से रेलवे लिंक पथ (भाग–1) के सुदृढ़ीकरण कार्य कार्य प्रगति पर है। बेदा–बभनपुरा कैनाल से एनएच–19 (भाग–2) पथ के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। आयरकोठा–अमरातालाब टू-लेन पथ (भाग–B) का कार्य प्रगति पर है। कोचस में आरा–मोहनिया पथ पर बाईपास निर्माण का कार्य प्रगति पर है डेहरी–बिक्रमगंज–दिनारा पथ पर नाला निर्माण योजना का कार्य प्रगति पर है।


बैठक में करगहर–बड़हरी–धर्मपुरा पथ के उन्नयन एवं चौड़ीकरण कार्य तथा बरांव–जहानाबाद पथ के उन्नयन कार्य की भी समीक्षा की गई। दोनों योजनाएं प्रगति पर पाई गईं।


बैठक में बताया गया कि पर्यटन विकास के अंतर्गत इंद्रपुरी जलाशय के समीप पर्यटन हाट निर्माण योजना प्रगति पर है।

संझौली प्रखंड अंतर्गत वाजितपुर में कांव नदी पर पुल निर्माण प्रगति पर है।


औद्योगिक विकास के अंतर्गत डेहरी औद्योगिक क्षेत्र के विकास योजना, जिसकी लागत ₹6.50 करोड़ है, पर चर्चा की गई। बताया गया कि सामाजिक प्रभाव आकलन (SIA) से संबंधित विशेषज्ञ समिति की बैठक हो चुकी है तथा अंतिम स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है।


जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन, काराकाट एवं तिलौथू सहित आवासीय परिसरों के निर्माण योजना की समीक्षा की गई। इस योजना के लिए एजेंसी का चयन कर लिया गया है तथा मोबिलाइजेशन कार्य प्रगति पर है। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।


जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रगति यात्रा राज्य सरकार की एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है और जिले की सभी योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट