पुलिस सप्ताह पर क्रिकेट का रोमांच, पब्लिक टीम ने पुलिस को 11 रनों से हराया
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Feb 25, 2026
- 68 views
पुलिस सप्ताह पर क्रिकेट का रोमांच, पब्लिक टीम ने पुलिस को 11 रनों से हराया
रामपुर (कैमूर) --- जिले के रामपुर प्रखंड अंतर्गत बेलाव स्टेडियम में गुरुवार को पुलिस सप्ताह\' के अवसर पर एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। यह मुकाबला बेलाव थाना पुलिस बनाम पब्लिक के बीच खेला गया जिसमें पब्लिक की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।मैच की शुरुआत दोनों कप्तानों के बीच टॉस से हुई। पुलिस टीम के कप्तान परमहंस कुमार और पब्लिक टीम के कप्तान प्रिंस कुमार मैदान में उतरे। पुलिस टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पब्लिक की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में धुआंधार बल्लेबाजी की और कुल 118 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। 119 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस की टीम ने अंत तक संघर्ष किया लेकिन पूरी टीम 12 ओवर में 107 रन ही बना सकी। इस तरह पब्लिक टीम ने यह मुकाबला 11 रनों से जीत लिया। हार के बावजूद पुलिस टीम के खिलाड़ी चंचल कुमार ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 रन बनाए और गेंदबाजी में 2 विकेट भी झटके। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें \'मैन ऑफ द मैच\' के खिताब से नवाजा गया। इस खेल उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पसाई पंचायत के उपमुखिया अभिनव कुमार सिंह उर्फ मुकुल सिंह मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम होती है और आपसी समन्वय बढ़ता है। मैच के दौरान अंपायरिंग की भूमिका संतोष पासवान एवं अनिल कुमार ने बखूबी निभाई। इस मौके पर स्थानीय खेल प्रेमी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


रिपोर्टर