एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा, कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कार्य में गति लाने के दिए निर्देश
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Mar 09, 2026
- 112 views
खराब प्रदर्शन पर नोटिस, वेतन वृद्धि रोकने व जुर्माने के निर्देश
राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा सोमवार को आयोजित समय सीमा बैठक में जिले में संचालित एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीकाकरण के लिए पात्र हितग्राहियों से स्वयं मिलकर वन-टू-वन संवाद किया जाए तथा अभिभावकों से सहमति फॉर्म भरवाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कार्यक्रम की सख्त मॉनिटरिंग करें। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की प्रगति की प्रतिदिन शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से स्वयं समीक्षा की जाएगी।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सभी स्कूलों में एचपीवी टीकाकरण के संबंध में आवश्यक पत्राचार किया जाए तथा स्कूलों में पात्र बालिकाओं के टीकाकरण की प्रक्रिया को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर पर्यवेक्षण किया जाए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी एसडीएम से यह भी जानकारी ली कि एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर की एंट्री की गई है या नहीं तथा उसका सत्यापन किया गया है या नहीं। उन्होंने नोडल अधिकारी को जनगणना कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।इसके साथ ही सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि एचपीवी टीकाकरण में कार्य नहीं करने वाले सीडीपीओ एवं बीएमओ पर सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा संकल्प से समाधान अभियान की भी समीक्षा की गई। इस दौरान प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत आवेदनों तथा उनके निराकरण की प्रगति की जानकारी ली गई। इसके अतिरिक्त समय-सीमा से बाहर लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समय-सीमा के बाहर लंबित प्रकरणों पर नरसिंहगढ़ के तहसीलदार पर भी जुर्माना करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान समग्र ई-केवाईसी में खराब प्रदर्शन पर जनपद पंचायत खिलचीपुर, राजगढ़ एवं जीरापुर के सीईओ की एक वेतन वृद्धि रोकने हेतु संभागायुक्त को पत्राचार करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए। इसके साथ ही सार्थक अटेंडेंस ऐप पर उपस्थिति दर्ज न करने पर नागरिक आपूर्ति निगम का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों के निष्क्रिय खातों का ई-केवाईसी शीघ्र कराना सुनिश्चित करें, ताकि खातों का सत्यापन एवं अद्यतन समय पर किया जा सके।
साथ ही आयोजित समय सीमा बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा समय सीमा से बाहय लंबित आवेदन का निराकरण नहीं करने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ब्यावरा श्री इकरार अहमद, सचिव ग्राम पंचायत चटक्या श्री राधेश्याम पर 750 रुपए, सचिव ग्राम पंचायत कांकरिया सुश्री सलोनी अहिरवार पर 1000 रुपए, सचिव ग्राम पंचायत अमानपुरा श्री रमेश चंद्र मालाकर पर 5000 रुपए, सचिव ग्राम पंचायत रूपपुरा श्री रामेश्वर सोलंकी पर 750 रुपए, सचिव ग्राम पंचायत सतनखेड़ी श्री मनोहर सिंह सोलंकी पर 1500 रुपए एवं सचिव ग्राम पंचायत दूलतारिया श्री प्रदीप पालीवाल पर 500 रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।


रिपोर्टर