कोर्ट परिचारी के 42 परीक्षा केंद्र
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Mar 13, 2026
- 10 views
रोहतास।दिनांक 15 मार्च 2026 को बिहार के व्यवहार न्यायालयों में परिचारी के पद पर नियुक्ति हेतु प्रारंभिक जांच परीक्षा आयोजित होगी।
उक्त परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर आज जिला पदाधिकारी, रोहतास उदिता सिंह की अध्यक्षता में रोहतास समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में प्रतिनियुक्त स्टैटिक दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारी की ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिसमें पुलिस अधीक्षक, रोहतास श्री रौशन कुमार, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ब्रीफिंग के दौरान परीक्षा संचालन से संबंधित सभी बिंदुओं पर प्वाइंट वाइज़ विस्तार से चर्चा की गई तथा परीक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
ब्रीफिंग में जानकारी दी गई कि परीक्षा की प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से 04:00 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय प्रथम पाली के लिए प्रातः 08:30 बजे से 09:30 बजे तक एवं द्वितीय पाली के लिए 12:30 बजे से 01:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद प्रथम पाली के लिए 09:30 बजे के बाद तथा द्वितीय पाली के लिए 01:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
जिले में इस परीक्षा के लिए सासाराम एवं डेहरी अनुमंडल में कुल 42 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें कुल 24372 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय दो पासपोर्ट साइज फोटो, वैध पहचान पत्र (आधार कार्ड/मतदाता पहचान पत्र/ड्राइविंग लाइसेंस आदि) के साथ-साथ पहचान पत्र की सेल्फ अटेस्टेड प्रति लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्रों पर स्मार्ट घड़ी, मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।
ब्रीफिंग में निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर फ्रिस्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक परीक्षार्थी के बीच कम-से-कम तीन फीट की दूरी बनाए रखते हुए बैठने की व्यवस्था की जाए। संबंधित थाना को भी आवश्यक सूचना देने का निर्देश दिया गया है, ताकि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
इसके अतिरिक्त सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में अतिरिक्त जेनरेटर की व्यवस्था रखने तथा आवश्यकतानुसार एक इलेक्ट्रिशियन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रारंभिक जांच परीक्षा कदाचारमुक्त, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजन एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु समाहरणालय, रोहतास परिसर में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है, जिसका दूरभाष नम्बर 06184226093 / 06184226072 है। नियंत्रण कक्ष में पालीवार दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा को कदाचारमुक्त, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।


रिपोर्टर