चलती कार में अचानक लगी भीषण आग पत्नी की जिंदा जलने से मौके हुई मौत
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Mar 21, 2026
- 7 views
मध्य प्रदेश । सागर के गढ़ाकोटा रोड पर शनिवार तड़के करीब 4 बजे एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया, जहां एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक घटना में कार सवार डॉक्टर की पत्नी की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डॉक्टर समय रहते वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे और सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह खाक हो चुकी थी और महिला का शरीर बुरी तरह जल चुका था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गढ़ाकोटा निवासी डॉ. नीलेश कुर्मी अपनी पत्नी सीमा कुर्मी को इलाज के लिए सागर लेकर आ रहे थे। रास्ते में चनाटोरिया के पास अचानक कार में आग भड़क उठी। हालांकि प्राथमिक तौर पर कार में लगी सीएनजी (CNG) किट को आग का कारण माना जा रहा है, लेकिन पुलिस और फोरेंसिक टीम इस पूरे मामले को संदेहास्पद मानकर जांच कर रही है। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं ताकि आग लगने की सही वजहों का पता लगाया जा सके।
इस बीच, मृतका के भाई लोकेश पटेल ने इस घटना पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे हादसा मानने से इनकार कर दिया है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि यह वास्तव में कोई दुर्घटना होती, तो घटनास्थल पर उसके स्पष्ट निशान मौजूद होते। लोकेश ने आरोप लगाया है कि या तो उनकी बहन को बेहोशी की हालत में कार में लाया जा रहा था या फिर उसकी हत्या कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई है। पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, जिसके बाद पुलिस अब डॉक्टर के बयानों और तकनीकी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है।


रिपोर्टर