पत्रकार सम्मेलन को लेकर जनसंपर्क तेज: सांसद रोडमल नागर और मंत्री नारायण सिंह पंवार को दिया आमंत्रण
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Apr 05, 2026
- 69 views
राजगढ़। आगामी 12 अप्रैल को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन को लेकर सहयोगी पत्रकार संघ की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इसी क्रम में संगठन के पदाधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद रोडमल नागर एवं राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार से भेंट कर उन्हें औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने सम्मेलन के उद्देश्य और रूपरेखा की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन पत्रकारों के हितों की रक्षा, निष्पक्ष एवं सशक्त पत्रकारिता को बढ़ावा देने तथा जिले के पत्रकारों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
सांसद रोडमल नागर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जो लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का आश्वासन भी दिया।
वहीं राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार ने भी सहयोगी पत्रकार संघ के इस आयोजन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पत्रकारों के बीच संवाद और समन्वय बढ़ता है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। मंत्री पंवार ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
सहयोगी पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन को भव्य और सफल बनाने के लिए जिलेभर में लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है तथा विभिन्न गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों एवं पत्रकार साथियों को आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नई ऊर्जा का संचार करेगा।


रिपोर्टर