ड्रम की गूंज के साथ निकली ‘स्कूल चलो’ रैली, शिक्षा का दिया संदेश
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Apr 09, 2026
- 35 views
बरसठी, जौनपुर। विकास खंड बरसठी के कंपोजिट विद्यालय गोरापट्टी गांव में गुरुवार को “स्कूल चलो अभियान” के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ अपना दल (एस) के जिला महासचिव नितेश पाठक ने हरी झंडी दिखाकर किया।
रैली में शामिल छात्र-छात्राएं ड्रम की गूंज के साथ कतारबद्ध होकर हाथों में पोस्टर-बैनर लिए गांव में भ्रमण करते हुए लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते नजर आए। रैली विद्यालय परिसर से निकलकर गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची। इस दौरान बच्चों ने “सब पढ़ें, सब बढ़ें” और “हर बच्चा स्कूल जाए” जैसे नारों के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों का नामांकन कराने और नियमित रूप से विद्यालय भेजने का संदेश दिया।
इस मौके पर नितेश पाठक ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को विद्यालय अवश्य भेजें, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ तभी संभव है, जब हर बच्चा शिक्षा से जुड़ा रहे।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतलाल गौतम ने बताया कि “स्कूल चलो अभियान” का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर