सारंगपुर क्षेत्र में विकास कार्यों की सौगात, लाखों के कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Apr 10, 2026
- 4 views
राजगढ़ । प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल ने शुक्रवार को सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को नई गति देते हुए करोड़ों रुपये के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। ग्राम पंचायत काचरिया भाई में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने बाउंड्रीवॉल, सीसी रोड, चेक डैम, पुलिया एवं नाली निर्माण सहित करीब 74 लाख 92 हजार रूपये की लागत के कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें ग्रामवासियों को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने श्रीमती कौशल्या बाई एवं श्रीमती सुलोचना बाई को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान कर सहायता दी।
इसके पश्चात ग्राम पंचायत झिरी में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने भगवान श्री पीठेस्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और यहां 84 लाख 60 हजार रूपये की लागत से बाउंड्रीवॉल, सामुदायिक भवन, सीसी रोड, तालाब गहरीकरण, पुलिया एवं नाली निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित योजनाएं जैसे लाड़ली बहना योजना, किसान समृद्धि योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे मातृ वंदन पखवाड़ा के माध्यम से मातृशक्ति का सम्मान सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत मुंडला लोधा में भी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण करते हुए 58 लाख 20 हजार रूपये की सौगातें ग्रामवासियों को समर्पित कीं। इन कार्यों में आंगनवाड़ी भवन, बाउंड्रीवॉल, सीसी रोड, चेक डैम, पुलिया एवं नाली निर्माण शामिल हैं, जो ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगे। उक्त तीनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर