संदिग्ध विवाह को लेकर आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 21, 2026
- 12 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी रोहतास। अनुमंडल के तिलौथू प्रखंड क्षेत्र में बीते एक सप्ताह से बाहरी राज्यों, खासकर राजस्थान की दर्जनों गाड़ियों की लगातार आवाजाही ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि इन गाड़ियों के जरिए बड़ी संख्या में विवाह संबंधी गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे संभावित मानव तस्करी या संदिग्ध विवाह गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
मंगलवार को स्थिति और भी चर्चा में आ गई जब तिलौथू में एक ही दिन चार राज्यों की गाड़ियां पहुंचीं और दो मैरेज हॉल—शिव शक्ति मैरेज हॉल, बाबूगंज सहित पास के एक अन्य हॉल—में कार्यक्रम बुक होने की जानकारी सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इन कार्यक्रमों में राजस्थान से आए लोगों की संख्या अधिक देखी गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी तीन दिन पूर्व झारखंडी मंदिर एवं हनुमान मंदिर परिसर में राजस्थान से आए लोगों द्वारा तिलौथू-सरैया क्षेत्र की एक लड़की का विवाह कराए जाने की सूचना मिली थी, जहां पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। हालांकि उस मामले में क्या कार्रवाई हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
गौरतलब है कि पिछले एक दशक से रोहतास जिले, विशेषकर तिलौथू और नौहट्टा क्षेत्र से सैकड़ों लड़कियों के अन्य राज्यों में विवाह के मामले सामने आते रहे हैं। कई बार इन मामलों को लेकर लड़कियों की खरीद-फरोख्त जैसी गंभीर आशंकाएं भी जताई गई हैं, जिससे यह मुद्दा सामाजिक चिंता का विषय बना हुआ है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि सभी विवाह वैध और सहमति से हो रहे हैं तो भी पारदर्शिता और सत्यापन आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या मानव तस्करी पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से अपील की है कि विवाह स्थलों, बाहर से आने वाले व्यक्तियों और संबंधित दस्तावेजों की सघन जांच की जाए, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा और सामाजिक संतुलन बना रहे।


रिपोर्टर