तेज आंधी-तूफान और बारिश से कुदरा में तबाही, जनजीवन अस्त-व्यस्त
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 29, 2026
- 2 views
रेलवे अंडरपास में जलजमाव, NH-19 पर रेंगती रफ्तार में चले वाहन
कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड में मंगलवार शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से जहां बाजार क्षेत्र में कई दुकानों के बैनर और फ्लैट गिर गए, वहीं ग्रामीण इलाकों में भी हालात बिगड़ गए। तूफान की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई जगहों पर दुकानों के सामने लगे टीन शेड और होर्डिंग्स उड़कर गिर पड़े। इससे दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा। बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
बारिश के कारण कुदरा स्थित रेलवे अंडरपास के सामने भारी जलजमाव हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से नगर प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर बारिश में यहां जलजमाव की समस्या बनी रहती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। इधर, तेज बारिश और आंधी का असर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-19 पर भी देखने को मिला। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण मालवाहक वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी तूफान का व्यापक असर पड़ा। कई जगहों पर पेड़ की टहनियां टूटकर गिर गईं, जबकि खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। तेज हवाओं के साथ आसमान में काले बादल छाए रहे और लगातार बिजली चमकती रही, जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहा।
हालांकि, मौसम में आए इस बदलाव से भीषण गर्मी से जूझ रहे नगरवासियों को कुछ राहत जरूर मिली। दिनभर की उमस के बाद हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण सुहावना हो गया।
प्रशासन की ओर से अभी तक किसी बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर क्षति का आकलन किया जा रहा है। वहीं, लोगों ने नगर प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।


रिपोर्टर