चैनपुर बाजार में मारपीट से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान हुई मौत

संवाददाता सिगासन सिंह यादव की रिपोर्ट 

भभुआंं(कैमूर)-- अनुमंडल के चैनपुर बाजार क्षेत्र में रविवार को पुराने रंजिश और कथित भूत-प्रेत के विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान चैनपुर वार्ड संख्या 13 निवासी नखड़ु शर्मा के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक के परिजन रीता देवी ने आरोप लगाया है कि शिवमूरत शर्मा, उनके पुत्र तथा राजदेव शर्मा ने मिलकर नखड़ु शर्मा को घर में बंद कर लाठी-डंडा और अन्य हथियारों से बुरी तरह पीटा। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तुरंत स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

भभुआ सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद नखड़ु शर्मा को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि जब तक सभी दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे।

वहीं इस मामले पर चैनपुर थाना अध्यक्ष विजय प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि मारपीट की घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही पुलिस टीम द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपी कानून के शिकंजे में होंगे और मामले का पूरा खुलासा जांच के बाद किया जाएगा। इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट