थानों में नहीं चलेगी अवैध वसूली, पदभार संभालते ही सख्त दिखे आईजी विकास वैभव

ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी---  2023 बैच के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने मंगलवार की देर शाम मगध प्रमंडल स्थित अपने कार्यालय में आईजी के रूप में पदभार ग्रहण किया। इससे पूर्व पटना से गयाजी पहुंचने पर स्थानीय सर्किट हाउस में जिला पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।

पदभार ग्रहण करने के बाद आईजी विकास वैभव ने कहा कि राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है और इसे पूरे मगध प्रमंडल में सख्ती के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी थाना में यदि कोई पुलिस पदाधिकारी अवैध वसूली के आरोप में पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का समाधान थाना स्तर पर ही किया जाएगा ताकि आम लोगों को बार-बार थाना का चक्कर नहीं लगाना पड़े। बेहतर पुलिसिंग को लेकर उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि सभी पुलिस अधिकारी पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें, अन्यथा लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई तय है।

अपराध नियंत्रण को लेकर आईजी ने कहा कि मगध क्षेत्र में अपराधियों से निपटने के लिए पुलिस टीम समन्वय बनाकर काम करेगी। उन्होंने आम जनता को बेहतर कानून व्यवस्था स्थापित करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार की अपराध मुक्त समाज की सोच को धरातल पर उतारने के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय रहेगी।

आईजी विकास वैभव ने विशेष रूप से कहा कि गया जी के पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए यहां मजबूत और भरोसेमंद कानून व्यवस्था कायम रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट