भूमी वर्ल्ड पर सांसद बाल्या मामा का हमला
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- May 13, 2026
- 39 views
‘15 दिन में बुलडोजर नहीं चला तो होगा उग्र आंदोलन’ ---- सांसद
भिवंडी। मुंबई-नाशिक महामार्ग स्थित पिंपलास गांव में भूमी वर्ल्ड इन्फ्रास्ट्रक्चर के कथित अवैध निर्माण को लेकर भिवंडी के सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने एमएमआरडीए और ठाणे जिला प्रशासन पर हाईकोर्ट के आदेशों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो अगले 15 दिनों में स्थानीय किसानों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद सुरेश म्हात्रे ने आरोप लगाया कि पिंपलास गांव की सीमा में भूमी वर्ल्ड के विकासक प्रकाश पटेल द्वारा करीब एक करोड़ वर्गफुट निर्माण किया गया है। इसमें सरकार की 25 एकड़ गुरुचरण जमीन और स्थानीय किसानों की जमीन भी शामिल होने का दावा किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क किनारे करीब साढ़े पांच लाख वर्गफुट का मॉल भी बिना अनुमति के खड़ा किया गया है। सांसद ने दावा किया कि सूचना के अधिकार (RTI) के तहत एमएमआरडीए ने लिखित जवाब में स्वीकार किया है कि इस निर्माण के लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई। इसके बावजूद प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018, 2019 और 2021 में मुंबई हाईकोर्ट में दाखिल याचिकाओं में स्पष्ट आदेश दिए गए थे कि यहां कोई नया निर्माण न किया जाए और अवैध निर्माण पर तत्काल कार्रवाई हो। इसके बावजूद निर्माण जारी रहना न्यायालय की अवमानना है। सुरेश म्हात्रे ने आरोप लगाया कि “इतना बड़ा अवैध निर्माण राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण के बिना संभव नहीं है।” उन्होंने कहा कि प्रशासन को अंतिम बार ईमेल के जरिए कार्रवाई के लिए कहा जाएगा। यदि दो दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों को साथ लेकर आंदोलन शुरू किया जाएगा। आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था बिगड़ती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। सांसद ने यह भी कहा कि इस मामले में विकासक को संरक्षण देने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की जाएगी। इस बयान के बाद भिवंडी में भूमी वर्ल्ड प्रकरण एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक बहस का बड़ा मुद्दा बन गया है।


रिपोर्टर