भीषण गर्मी में मानवता की मिसाल: पिपल्या रसोड़ा में रक्तदान शिविर आयोजित, 25 यूनिट रक्त संग्रहित
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- May 16, 2026
- 31 views
पिपल्या रसोड़ा, राजगढ़ । भीषण गर्मी के इस दौर में जहाँ लोग घरों से बाहर निकलने में कतरा रहे हैं, वहीं राजगढ़ जिले के ग्राम पिपल्या रसोड़ा में मानवता की एक सुखद तस्वीर सामने आई है। यहाँ संचालित कलां आयुर्वेदिक एवं पंचकर्म सेंटर पर एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर 25 मरीजों को जीवनदान देने का संकल्प लिया।
शिविर की शुरुआत ग्राम सरपंच चंपाराम नायक ने स्वयं रक्तदान करके की। उनके इस कदम ने ग्रामीणों में उत्साह भर दिया। सेवा और सुरक्षा का दायित्व निभाने वाली बोड़ा थाना की डायल 112 टीम ने भी इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया। आरक्षक मंजीत जाट और पायलट निर्मल राठौर ने ड्यूटी के साथ-साथ सामाजिक सरोकार निभाते हुए रक्तदान किया। वही नरसिंहगढ़ से बी आर सी सुरेंद्र सिंह भदौरिया, इंजिनियर सक्सेना ने भी रक्तदान किया कलां आयुर्वेद सेंटर की संचालिका डॉ. भावना पालीवाल ने न केवल शिविर का सफल प्रबंधन किया, बल्कि स्वयं भी रक्तदान कर महिलाओं के लिए एक उदाहरण पेश किया।
उन्होंने क्षेत्र की \'मात्र शक्ति\' से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की। भीषण गर्मी के बावजूद शिविर में कुल 25 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, यह रक्त आने वाले समय में गंभीर बीमारियों और दुर्घटनाओं से जूझ रहे 25 जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित अतिथियों और सहयोगियों में शामिल थे:डॉ. धर्मेंद्र कुमार भदौरिया (अध्यक्ष, लायंस क्लब) डॉ. भावना पालीवाल (संचालिका, कलां आयुर्वेदिक पंचकर्म सेंटर) राजकुमार भिलाला (प्रभारी, ब्लड बैंक)ब्लड बैंक की टीम ने सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद पूरी सावधानी के साथ रक्त संग्रह किया। लायंस क्लब और आयुर्वेद सेंटर के इस संयुक्त प्रयास की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।


रिपोर्टर