ट्रैक्टर ने पुलिस जवान को कुचला


रोहतास। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश निषेध के बाद भी प्रवेश जारी है। तय समय-सीमा के अंदर प्रतिबंधित वाहनों के प्रवेश से पूर्व में भी कई घटनाएँ हो चुकी हैं। शनिवार की सुबह भी प्रवेश निषेध के दौरान ही एक ट्रैक्टर ने एक ट्रैफिक जवान को कुचल दिया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया है कि सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक शहरी-क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश निषेध रहता है। इसके लिये शहरी-सीमा पर पुलिस-बल को तैनात किया जाता है, ताकि तय समय के पहले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश से रोका जा सके। एसपी ने बताया है कि नो-इंट्री में सासाराम के एसपी जैन कॉलेज के आस-पास तैनात ट्रैफिक जवान मुकेश कुमार द्वारा सुबह आठ बजे एक ट्रैक्टर को शहर में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास किया गया,जहाँ चालक ने उसे रौंद दिया। गंभीर रूप से मुकेश को घायल देख चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। मुकेश को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। पुलिस ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट