बकरीद पर्व को लेकर बरसठी थाने में पीस कमेटी की बैठक संपन्न
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- May 20, 2026
- 114 views
बरसठी, जौनपुर। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना बरसठी परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा ने की। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव सहित पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा ने उपस्थित लोगों से अपील की कि बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अफवाह की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने बताया कि बकरीद पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा क्षेत्र में लगातार गश्त की जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का वातावरण बना रहे। बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और बकरीद का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।


रिपोर्टर