व्यवसाई आयोग के सदस्य ने उघोग विभाग का समीक्षात्मक बैठक किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 04, 2026
- 4 views
रोहतास। बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यवसायी आयोग के सदस्य सरदार कमलजीत सिंह ने रोहतास जिले में उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने जिले में चल रही उद्यमिता एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार सरकार उद्योग एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। राज्य में उद्योगों के विकास तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेक कल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ बड़ी संख्या में लोग प्राप्त कर रहे हैं। बैठक में सरदार कमलजीत सिंह ने कहा कि केंद्र प्रायोजित प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के क्रियान्वयन में रोहतास जिला राज्य-स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासन एवं उद्योग विभाग की सराहना करते हुए कहा कि पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस अवसर पर उद्योग विभाग,रोहतास के महाप्रबंधक आशीष रंजन ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिला पदाधिकारी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उद्योग विभाग द्वारा जिले में उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। विभाग द्वारा विभिन्न वर्गों के लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किये जा रहे हैं। बुनकर समुदाय के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें आधुनिक तकनीकों एवं बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाया जा रहा है। महाप्रबंधक ने बताया कि बिहार लघु उद्यमी योजना के अंतर्गत जिले को कुल 1539 लाभुकों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इनमें से 1266 उद्यमियों को प्रथम किश्त की राशि उपलब्ध करा दी गयी है,जबकि शेष लाभुकों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत चयनित कुल 269 लाभुकों को प्रथम किश्त का भुगतान किया जा चुका है तथा आगे की प्रक्रियाएं तेजी से पूर्ण की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत जिले में 251 सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना हेतु बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृत किया जा चुका है,जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों का सृजन होगा।वही प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत जिले में 69 नये उद्यम स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है,जिसमें लक्ष्य से अधिक कुल 122 उद्यमों का बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृत किया जा चुका है,जो कुल 177 प्रतिशत है। बैठक में उद्योग विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर