किसानों को 50 लीटर तक डीजल केन में उपलब्ध कराने के निर्देश

पेट्रोल पंपों पर स्वच्छता, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें - कलेक्टर डॉ. मिश्रा

राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पेट्रोलियम संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त पेट्रोल पंप संचालकों से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि किसानों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए पेट्रोल पंप संचालक नियमानुसार किसानों को केन अथवा कुप्पी में 50 लीटर तक डीजल उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने इस संबंध में सभी आवश्यक अभिलेखों एवं विक्रय रिकॉर्ड का संधारण व्यवस्थित रूप से किए जाने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर संचालित सभी पेट्रोल पंपों पर स्वच्छ एवं उपयोग योग्य शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो सकें। उन्होंने सभी पेट्रोल पंपों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों को निरंतर क्रियाशील रखने तथा सुरक्षा संबंधी मानकों का पूर्णतः पालन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों को पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। 

उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंप संचालक अपनी फायर एनओसी की वैधता की जांच करें तथा जिनकी फायर एनओसी का नवीनीकरण लंबित है, वे तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर उसका नवीनीकरण कराएं। बैठक में जिला खाद्य अधिकारी सहित पेट्रोलियम संघ के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट