पोखरी खुदाई की आड़ में किसान की जमीन हड़पने का आरोप, एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार


आजमगढ़। तहसील सदर क्षेत्र के थाना मुबारकपुर अंतर्गत ग्राम मोहब्बतपुर (पूर्वी क्षेत्र) में पोखरी की खुदाई के दौरान एक किसान की निजी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप सामने आया है। पीड़ित किसान ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर को प्रार्थना-पत्र देकर भूमि की पैमाइश कराए जाने, निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित दयाराम राजभर पुत्र टिल्टू राजभर, निवासी गाटा संख्या-1562, का आरोप है कि उनकी पुश्तैनी कृषि भूमि, जिस पर वह वर्षों से खेती करते आ रहे हैं, उसे गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों एवं ग्राम प्रधान की मिलीभगत से जबरन पोखरी में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि समीप स्थित गाटा संख्या-1571 में सरकारी पोखरी की खुदाई चल रही है और इसी की आड़ में उनकी जमीन की मेड़ काटकर उसे पोखरी में मिलाया जा रहा है।दयाराम राजभर ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस कार्य का विरोध किया तो मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें जान से मारने और मारपीट की धमकी दी। घटना के बाद से वह स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।पीड़ित ने एसडीएम को दिए प्रार्थना-पत्र में कहा है कि उन्हें विकास कार्य से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उनकी निजी भूमि की निष्पक्ष पैमाइश कराकर वास्तविक सीमा निर्धारित की जाए। उन्होंने मांग की कि पैमाइश पूरी होने तक खुदाई का कार्य रोका जाए, ताकि किसी किसान की जमीन पर अवैध कब्जा न हो सके।मामले में तहसील प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट