दरवाजे पर मिट्टी गिराने के विवाद में महिला के साथ मारपीट, सिर फटा कई लोगों पर मारपीट का आरोप
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 20, 2026
- 56 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर---- जिला के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत फाखराबाद वार्ड संख्या-9 में रास्ते एवं दरवाजे पर मिट्टी गिराने के विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में एक महिला का सिर फट गया, जबकि उसकी बहन को भी चोटें आई हैं। पीड़िता ने कुदरा थाना में आवेदन देकर कई लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित महिला लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि उनके दरवाजे के सामने मिट्टी गिरा दी गई थी, जिससे आने-जाने में परेशानी हो रही थी। इस मामले को लेकर पंचायत के मुखिया और सरपंच ने मौके पर पहुंचकर लगभग 15 दिनों के भीतर मिट्टी हटाने की बात कही थी, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी मिट्टी नहीं हटाई गई।
लक्ष्मी कुमारी के अनुसार, इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से कुदरा थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन इसके बावजूद मिट्टी नहीं हटाई गई। उनका आरोप है कि शिकायत करने के बाद से ही आरोपी पक्ष के लोग सुबह-शाम उनके दरवाजे पर आकर गाली-गलौज करते थे और लगातार दबाव बना रहे थे।
पीड़िता का कहना है कि रविवार की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच भोला पासवान, जडेजा पासवान, लाल बाबू पासवान तथा कुछ अज्ञात लोगों ने उनके घर पहुंचकर मारपीट की। इस दौरान उनके साथ बदसलूकी करने की भी कोशिश की गई। मारपीट में उनका सिर फट गया, जबकि उनकी बहन भी घायल हो गई।
लक्ष्मी कुमारी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष द्वारा उनके परिवार का रास्ता अवरुद्ध किया गया है तथा उन्हें लगातार एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी जाती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस संबंध में कुदरा थाना पुलिस का कहना है कि पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर