सरकारी भूमि पर चला बुलडोजर, लाखों की बाउंड्रीवाल समेत अवैध निर्माण ध्वस्त

रामपुर (जौनपुर)। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के विकासखंड रामपुर अंतर्गत परमालपुर गांव में सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ मंगलवार को तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। तहसीलदार रवि रंजन कश्यप के नेतृत्व में राजस्व टीम और पुलिस बल ने सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।

प्रशासन के अनुसार परमालपुर गांव में सड़क की सरकारी भूमि पर मनोज सिंह, रामबाबू और श्याम बाबू द्वारा पक्का निर्माण कर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच के बाद तहसीलदार रवि रंजन कश्यप, राजस्व निरीक्षक राजेश सिंह, लेखपाल प्रमोद श्रीवास्तव एवं अन्य राजस्व अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित लोगों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी।

सोमवार को प्रशासन की ओर से मुनादी कराकर कब्जाधारकों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया, लेकिन निर्धारित समय तक किसी ने भी आदेश का पालन नहीं किया। इसके बाद मंगलवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस बल और जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी।

जेसीबी ने कुछ ही देर में करीब 100 फीट लंबी बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा सार्वजनिक भूमि पर किए गए अन्य अवैध निर्माण भी गिरा दिए गए। कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे अभियान के दौरान शांति व्यवस्था बनी रही।

तहसीलदार रवि रंजन कश्यप ने कहा कि सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा और कब्जाधारकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


प्रशासन की इस कार्रवाई को मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र की प्रमुख अतिक्रमण विरोधी कार्रवाइयों में माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की पहल का स्वागत करते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर चलाने की मांग की।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट