डेहरी डालमियानगर में खुले मैनहोल बना मौत का जाल, बरसात में जलजमाव से बढ़ा खतरा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 21, 2026
- 103 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी रोहतास।डेहरी डालमियानगर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 6 और 7 में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नगर परिषद द्वारा सफाई के नाम पर सफाईकर्मी आते तो हैं, लेकिन सिर्फ बैठकर चले जाते हैं। बरसात से पहले हर साल नालों और मेनहॉल की सफाई होती थी, लेकिन इस बार मेनहॉल की सफाई नहीं होने से पूरा सिस्टम जाम है।
नतीजा ये है कि सड़कों पर पानी भरने से पता ही नहीं चल पा रहा कि पानी है या पानी के नीचे मेनहॉल। डालमियानगर के अधिकतर मेनहॉल खुले पड़े हैं। रोहतास क्लब के अगल-बगल मेनहॉल हमेशा खुला रहता है जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
सोमवार को रतु बीघा डालमिया नगर निवासी कृष्ण यादव की भैंस चरते-चरते खुले मेनहॉल में गिर गई। ग्रामीणों और भैंस मालिक के कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। उसी जगह के अगल-बगल आवासीय कॉलोनी के बच्चे रोज क्रिकेट खेलते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड पार्षद समेत नगर परिषद के सुपरवाइजर और कर्मचारी सभी इस समस्या से वाकिफ हैं, लेकिन अब तक किसी ने भी मेनहॉल को पत्थर का सलैब लगवाने की जहमत नहीं उठाई।
लोगों का कहना है कि अगर समय रहते नगर परिषद ने मेनहॉल नहीं ढकवाए और नालों की सफाई नहीं कराई, तो इस बरसात में जलजमाव के साथ कोई बड़ी दुर्घटना होना तय है।


रिपोर्टर