ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत एक घायल

संवाददाता पिंटू कुमार तिवारी की रिपोर्ट 

दुर्गावती(कैमूर)----स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्हड़िया मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों उत्तर प्रदेश से बिहार आ रहे थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, कुल्हङिया मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार 30 वर्षीय मनीष श्रीवास्तव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार पप्पू श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों आपस में रिश्तेदार हैं और उत्तर प्रदेश से बिहार की ओर आ रहे थे।

मृतक की पहचान मनीष श्रीवास्तव (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मनोज श्रीवास्तव के पुत्र तथा उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र स्थित कम्हारी गांव के निवासी थे। वहीं घायल पप्पू श्रीवास्तव, नागेंद्र श्रीवास्तव के पुत्र हैं और कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के खामिदौरा गांव के रहने वाले हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया।


घायल पप्पू श्रीवास्तव को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुर्गावती ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट