साइबर ठगी से बचाव हेतु चलाया गया जागरूकता अभियान

संदिग्ध लिंक और कॉल से रहें सतर्क, तुरंत करें 1930 पर शिकायत 

युवाओं को साइबर अपराध के प्रति किया गया जागरूक

सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय.. एसपी

ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट 

शिवहर----:बिहार पुलिस मुख्यालय पटना के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को जिले के विभिन्न कॉलेजों में 'साइबर स्मार्ट ट्यूजडे' के तहत साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देना था। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुशील कुमार, साइबर डीएसपी इशानी सिन्हा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी एवं बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड समेत विभिन्न साइबर अपराधों के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया कि किसी भी अनजान कॉल, संदेश या लिंक पर बिना जांचे-परखे विश्वास नहीं करें और अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर समय गंवाए बिना 1930 हेल्पलाइन अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा आज के डिजिटल दौर में जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। थोड़ी सी सतर्कता बड़ी आर्थिक क्षति और मानसिक परेशानी से बचा सकती है। किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें। यदि साइबर ठगी की आशंका हो तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट