शिवहर में 'ऑपरेशन नया सवेरा 3.0' के तहत कार्रवाई

आर्केस्ट्रा से 2 नाबालिग बच्चियां मुक्त, 2 संचालक गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट 

शिवहर------- बिहार राज्य में मानव तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'नया सवेरा 3.0' के तहत शिवहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार के निर्देश पर जिला टास्क फोर्स ने तरियानी थाना क्षेत्र के सुमहुती के पास एक आर्केस्ट्रा पर छापा मारकर दो नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित मुक्त कराया। पुलिस ने इस मामले में आर्केस्ट्रा के दो संचालकों को भी गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई मानव व्यापार विरोधी इकाई (AHTU) के नोडल पदाधिकारी सह पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) भाई भरत के नेतृत्व में गठित जिला टास्क फोर्स द्वारा की गई। सूचना मिलने पर टास्क फोर्स ने तरियानी थाना क्षेत्र के सुमहुती के समीप दबिश दी, जहाँ से बच्चियों को मुक्त कराया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों संचालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मुक्त कराई गई दोनों बच्चियों को बाल कल्याण समिति (CWC), शिवहर के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। यहाँ से उनके आवास, काउंसिलिंग और पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आर्केस्ट्रा, रेड लाइट एरिया या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नाबालिगों के शोषण और मानव तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। छापेमारी अभियान में शामिल धावा दल में विनय प्रताप सिंह (AHTU), तरियानी थाना के थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता, अधिकार मित्र मेनका कुमारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार सह सामाजिक कार्यकर्ता सवेरा स्वयंसेवी संगठन और अदिथी कवच परियोजना के प्रतिनिधि तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट