डीएम ने आकांक्षी प्रखंड तिलौथू की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश


रोहतास।जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में आकांक्षी प्रखंड तिलौथू में नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी ,सिविल सर्जन, रोहतास, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला योजना पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए ,प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती अंकिता जैन, अंचल अधिकारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी सहित विभिन्न जिला एवं प्रखंड स्तरीय विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। पिरामल स्वास्थ्य की ओर से प्रोग्राम लीड अर्जुन कुमार गोस्वामी सहित टीम के अन्य सदस्य भी बैठक में शामिल हुए।


बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती अंकिता जैन ने वर्ष 2022-23 के बेसलाइन डाटा एवं मार्च 2026 तक की प्रगति का पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण करते हुए विभिन्न विकास सूचकांकों में हुए सुधार एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही संपूर्णता अभियान के अंतर्गत छहों प्रमुख सूचकांकों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने की उपलब्धि से भी अवगत कराया।


समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी को NQAS से संबंधित सभी गैप का आकलन कर कार्ययोजना तैयार करते हुए यथाशीघ्र प्रमाणन हेतु आवेदन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी को सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों के खराब शौचालयों की मरम्मत तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के कार्यपालक अभियंता को 15 दिनों के भीतर सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर शत-प्रतिशत पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी को एफएमडी टीकाकरण तथा प्रखंड कृषि पदाधिकारी को सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत सॉइल हेल्थ कार्ड तैयार कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय (Convergence) एवं सहयोगात्मक कार्यप्रणाली (Collaborative Approach) के साथ कार्य करते हुए कमजोर सूचकांकों में शीघ्र सुधार लाएं तथा तिलौथू को आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम में देश का प्रथम रैंक प्राप्त प्रखंड बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य करें।


बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सामुदायिक प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अमरेन्द्र कुमार (बीएचएम), अर्जुन कुमार गोस्वामी (प्रोग्राम लीड, पिरामल स्वास्थ्य), प्रेम प्रकाश (एबीपी फेलो), राहुल भगत (गांधी फेलो), एवं अन्य कर्मी शामिल रहे।


समीक्षा बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) तिलौथू, मध्य विद्यालय पतलुका तथा आंगनबाड़ी केन्द्र पतलुका का निरीक्षण कर स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पोषण सेवाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मध्य विद्यालय पतलुका के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में *Astronomy Lab* की स्थापना, *2 नए कक्षा-कक्षों के निर्माण* तथा *विद्यालय की बाउंड्री वॉल के निर्माण* सहित अन्य आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक निर्णय लिए, जिससे विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण एवं आधारभूत सुविधाओं का और बेहतर विकास सुनिश्चित हो सके।


निरीक्षण कार्यक्रम के समापन पर जिला पदाधिकारी ने प्रखंड परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं जनभागीदारी का संदेश दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए सभी विकास सूचकांकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करेंगे तथा तिलौथू को देश के सर्वश्रेष्ठ आकांक्षी प्रखंडों में स्थापित करेंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट