नवंबर में पटना गांधी मैदान में होगा भंगी समाज का विशाल सम्मेलन, मांगा सफाई कर्मचारी आयोग का गठन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 17, 2026
- 2 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी रोहतास। मेहतर सेवा संघ बिहार के तत्वावधान में रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन स्थित सम्राट अशोक भवन में संघ का चौथा स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष मोहन राम ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य महादलित आयोग बिहार सरकार के पूर्व सदस्य श्री तूफानी राम और विशिष्ट अतिथि नगर परिषद डेहरी-डालमियानगर के चेयरमैन प्रतिनिधि गुडू चंद्रवंशी रहे। दोनों अतिथियों ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने मांग पत्र सौंपा। इसमें राज्य सफाई कर्मचारी आयोग का गठन, ठेकेदारी प्रथा की समाप्ति, सफाई मजदूरों के रिक्त पदों पर एक लाख भंगी समाज के बेरोजगारों की बहाली, अनुसूचित जाति आरक्षण में वर्गीकरण लागू करने और शिक्षा सेवकों व तालीमी मरकजों के बकाया वेतन भुगतान की मांग शामिल है।
मुख्य अतिथि श्री तूफानी राम ने कहा कि बाबा साहेब का सपना आज भी अधूरा है क्योंकि भंगी समाज को सत्ता में भागीदारी नहीं मिली है। उन्होंने ठेकेदारी प्रथा को गुलामी बताया और कहा कि इसी कारण समाज के युवाओं को सरकारी नौकरी नहीं मिल रही।
उन्होंने भंगी समाज के अधिकारों के लिए नवंबर माह में पटना के गांधी मैदान में विशाल सम्मेलन करने का ऐलान किया। इसमें बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार को आमंत्रित करने की बात कही। उन्होंने बिहार भर से लाखों लोगों को जुटने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि गुडू चंद्रवंशी ने समाज को एकजुट होने की अपील की। झारखंड से आए वरिष्ठ नेता विश्वनाथ राम उर्फ घुरा राम ने तूफानी राम के संघर्ष की सराहना की।
कार्यक्रम में अखिलेश्वर राम, सुधीर राउत, वीर बसंत लाल, अशोक राउत, डॉ. सिंटू कुमार, रमेश कुमार, नीलम कुमारी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।


रिपोर्टर